नई दिल्ली (युग करवट)। ट्विशा शर्मा मौत मामले में सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की है। इस कदम से मामले की निष्पक्ष जांच की उम्मीद बढ़ गई है और न्याय मिलने की उम्मीद मजबूत हो गई है। इस बीच, ट्विशा शर्मा का परिवार और उनके वकील अब आरोपियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा पूरी तरह कसने की तैयारी में जुट गए हैं। ट्विशा शर्मा के परिवार के वकील आयुष तिवारी ने कोर्ट में पैरवी के दौरान एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा दावा किया है।
वकील ने ट्विशा शर्मा और उनकी सास गिरीबाला सिंह के बीच हुई व्हाट्सएप चैट का हवाला दिया है। ट्विशा का परिवार इस मौत के पीछे के असली सच को सामने लाने के लिए अब अदालत में ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा से पोस्टमार्टम कराने की मांग उठाने की पूरी तैयारी कर रहा है। ट्विशा के परिवार के वकील ने मामले के आरोपी पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत का कोर्ट में विरोध करने की बात कही है। वहीं, ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत को भी तुरंत खारिज करने की मांग उठाई जा रही है।
वकील आयुष तिवारी ने पुलिस में एफआईआर दर्ज होने के महज कुछ ही घंटों के भीतर गिरीबाला सिंह को आनन-फानन में मिली अग्रिम जमानत पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वकील का सीधा आरोप है कि इतनी जल्दी और आनन-फानन में अग्रिम जमानत मिलना इस बात का सबूत है कि गिरीबाला सिंह ने अपने रसूख और पद का पूरी तरह से गलत इस्तेमाल किया है।