गाजियाबाद (युग करवट)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 17 जुलाई को मोदीनगर व मुरादनगर विधानसभा की विकास कार्यो का लोकापर्ण व शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर सीएम गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की 591 करोड़ की 23 परियोजनाओं को लोकापर्ण व शिलान्यास करेंगे। सीएम कल हरनंदीपुरम टाउनशिप का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा सीएम हापुड चुंगी चौराहे पर प्रस्तावित फ्लाईओवर सहित जीडीए की 23 योजनाओं का लोकापर्ण व शिलान्यास करेंगे। इसको लेकर जीडीए अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। प्राधिकरण उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि सीएम मुरादनगर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में 505 करोड़ की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। तो वहीं 91 करोड़ की चार परियोजनाओं का लोकापर्ण भी सीएम करेंगे। कुल जीडीए की 591 करोड़ की 23 परियोजनाओं का लोकापर्ण व शिलान्यांस किया जाएगा।
हरनंदीपुरम टाउनशिप है जीडीए का ड्रीम प्रोजेक्ट
हरनंदीपुरम टाउनशिप राजनगर एक्सटेंशन में करीब 521 हेक्टेयर में फैली आठ गांव की जमीनों पर विकसित की जा रही है। इसके लिए अभी तक जीडीए 48 हेक्टेयर जमीन किसानों से ले चुका है बाकी की प्रक्रिया चल रही है। जीडीए इस टाउनशिप को आधुनिक रूप में बसाने जा रहा है। जिसमें विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा प्रदान किया जाएगा। जीडीए की पिछले 15 सालों में यह सबसे बड़ी आवासीय योजना है। इसकी अनुमानित कीमत 2384 करोड़ रूपए रखी गई है। इस टाउनशिप में आधुनिक स्मार्ट आवास, कमर्शियल जोन, स्कूल, अस्पताल, आधुनिक सडक़ें, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, स्पोर्ट्स हब, हरे-भरे पार्क बनाए जाएंगे। साथ ही बेहतर यातायात व्यवस्था भी रहेगी।