गाजियाबाद (युग करवट)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की कोयल एन्क्लेव योजना में जहां पहले आओ-पहले पाओ की तर्ज पर आवास आवंटित किए जा रहे हैं तो वहीं जीडीए योजना में विकास कार्यो को लगातार कर रहा है। हाल ही में कोयल एन्क्लेव योजना के सामने फुटओवर ब्रिज का टेंडर जारी कर चुका है। ताकि यहां के लोगों का आवागमन आसान हो सके तो वहीं अब योजना में विकास कार्यो को लेकर भी जीडीए ने साढ़े छह करोड़ के टेंडर जारी किए हैं। जिसमें आवासीय योजना को अधिक आर्कषित बनाने, फुटपाथ, बाउंड्रीवाल, प्रकाश व्यवस्था दुरूस्त कराने के काम किए जाएंगे।
कोयल एन्कलेव योजना के लोनी क्षेत्र में पथ प्रकाश व्यवस्था का कार्य कराया जाएगा, इस दौरान डिजाइनदार स्ट्रीट लाइटें लगाई जांएगी ताकि रात में जब रोशनी हो तो क्षेत्र की खूबसुरती और बढ़ सके। कोयल एन्कलेव योजना को और अधिक आकर्षित बनाने के लिए योजना के मुख्य द्वार का निर्माण कराया जाएगा। यह द्वार भी योजना की थीम के आधार पर तैयार कराया जाएगा। कोयल एन्क्लेव योजना में ही रामायण थीम पार्क का निर्माण किया जा रहा है, ऐसे में मुख्यद्वार की थीम रामायण थीम पार्क से मिलती जुलती होगी ताकि यहां आने वाले लोगों को मुख्यद्वार से लेकर आवासीय योजना तक एक अलग ही अहसास हो सके। इसके अलावा आवासीय योजना में क्षतिग्रस्त हो चुकी नालियों का पुनर्निर्माण, क्षतिग्रस्त पार्क व योजना की बाउंड्रीवाल की मरम्मत कराई जाएगी। इतना ही नहीं सुरक्षा की दृष्टिï से बाउण्ड्रीवाल की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा योजना में क्षतिग्रस्त हो चुके मैनहॉलों की मरम्मत का भी काम किया जाएगा। इन सभी कार्यो पर छह करोड़ 34 लाख रूपए खर्च किए जाएंगे। इन कार्यो का टेंडर जारी हो चुका है। अगर समय से प्रक्रिया पूरी हो गई तो अक्टूबर से योजना में काम शुरू हो जाएगा।