गाजियाबाद (युग करवट)। जिला मुख्यालय में अधिकारियों के कार्यालय का पता, या कक्ष संख्या जाननी हो, तो लोगों को खासी मशक्कत करनी पड़ेगी। क्योंकि जिला मुख्यालय के मुख्यद्वार के सामने सीढिय़ों की दीवार पर यह बोर्ड उलटा लटका हुआ है। अब किसी को कक्ष संख्या देखनी हो तो अपनी गर्दन भी टेढ़ी करनी होगी। जिला मुख्यालय परिसर का यह हाल तब है जब इस द्वार मुख्यालय के आला अधिकारियों से लेकर सैंकड़ों कर्मचारी भी होकर गुजरते हैं, लेकिन किसी की नजर इस उल्टे लटके बोर्ड पर नहीं पड़ी। हालांकि ऐसा सम्भव नहीं है लेकिन मुख्यालय में कार्यरत अधिकारी व कर्मचारी इसको इग्नोर आगे बढ़ जाते हैं। जिला मुख्यालय में अधिकारियों के कक्ष किस फ्लोर पर हैं, किस अधिकारी की कक्ष संख्या क्या है,इसका एक नोटिस बोर्ड दीवार पर लगाया गया था। ताकि जिला मुख्यालय आने वाले लोगों को विभाग तलाशने में दिक्कतें न हो। पहले यह बोर्ड मुख्यद्वार की बांयी साइड दीवार पर लगा था, लेकिन पिछले कई दिन से इस बोर्ड को वहां से हटाकर सामने जीने की साइड दीवार पर लगा दिया। बोर्ड का स्थान बदल दिया गया लेकिन बोर्ड की दिशा भी बदल दी गई, यानि बोर्ड सीधा लगाने के बजाए उल्टा लगा दिया, जिससे यह ठीक से लोगों को नजर नहीं आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस बोर्ड के गलत तरीके से लगे होने के बाद भी किसी अधिकारी या कर्मचारी से उसे सीधा कराने की जहमत नहीं उठाई, जबकि यहां जिलाधिकारी से लेकर अपर जिलाधिकारी, एसडीएम, एसीएम सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी कार्यरत हैं। हर दिन सैंकड़ों लोग भी अधिकारियों से अपनी शिकायत लेकर मिलने आते रहते हैं, मगर किसी की नजर इस बोर्ड पर न पडऩा हैरानी भरा है।