मामूरा में आगजनी का मामला
नोएडा (युग करवट)। अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना फेस तीन क्षेत्र के मामूरा गांव में स्थित एक बिल्डिंग में बुधवार दोपहर को ग्राऊंड फ्लोर पर उस समय आग लग गई जब चार्जिंग के दौरान एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में शार्ट सर्किट हुआ। देखते ही देखते आग ने आसपास खड़े वाहनों और पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि इस आगजनी में कुमारी स्नेहा श्रीवास्तव पुत्री अश्विनी कुमार उम्र 24 वर्ष निवासी जनपद मुजफ्फरपुर बिहार तथा ऋषभ कुमार पुत्र सुजीत कुमार निवासी बालाघाट मध्य प्रदेश उम्र 27 वर्ष की दम घुटने से मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में थाना फेस- 3 पुलिस ने पीजी के संचालक कृष्ण कुमार और केयरटेकर धर्मेंद्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 110,125 तथा 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आज सुबह को आरोपी कृष्ण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। केयरटेकर धर्मेंद्र फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि कृष्ण कुमार को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।