सवा दो सौ करोड़ की संपत्ति के बंटवारे को लेकर था विवाद
मोदीनगर (युग करवट)। बीती रात मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बुदाना में रहने वाले शराबी बेटे ने अपने पिता को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया। पिता की हत्या करने के बाद हत्यारा पिस्टल के साथ घर से भाग गया। मौके पर डीसीपी रूरल सुरेंद्रनाथ तिवारी, एसीपी भास्कर वर्मा व एसएचओ मोदीनगर आन्नद प्रकाश मिश्रा भी फील्ड यूनिट के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करने में जुट गये। डीसीपी रूरल सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि कातिल की गिरफ्तारी के लिये चार टीम गठित की गई हैं। बुदाना गांव निवासी हरिओम (52 साल) के नाम पर मोदीनगर क्षेत्र में 75 बीघा जमीन और जीवन अस्पताल के सामने मार्केट है। हरिओम के परिवार में पत्नी अनिता, बड़ा बेटा निखिल नेहरा और छोटा बेटा नीशू है। बड़ा बेटा निखिल शराब पीने का आदी है। निखिल शराब पीकर जहां आये दिन घर में झगड़ा करता रहता था वहीं वो अपने हिस्से की जमीन व प्रोपर्टी को अपने नाम कराना चाहता था। इस बात को लेकर ही निखिल व उसके पिता हरिओम के बीच आये दिन कहासुनी होती रहती थी। बीती रात भी निखिल शराब पीकर घर पहुंचा। उसके बाद वह पिता समेत अन्य परिजनों से झगड़ा करने लगा। जब हरिओम नेहरा ने उसे डांटा तो तैश में आकर निखिल ने हरिओम नेहरा पर गोली चला दी। जिसके चलते हरिओम की मौत हो गई। हरिओम ने निखिल नेहरा को २५ बीघा जमीन व मार्किट की कुछ दुकाने दे रखी थी। लेकिन बेटा अपने हिस्से की जमीन अपने नाम कराना चाहता था जिसे लेकर पिता पुत्र में विवाद रहता था। हरिओम चौधरी ने रात में अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ खाना खाया था, उस समय बड़ा बेटा घर पर नहीं था। परिजनों ने बताया कि जब निखिल ने हरिओम चौधरी को गोली मारी तो आवाज सुनकर वो भी आ गये। निखिन ने अपने पिता की छाती के अलावा चेहरे और प्राइवेट पार्ट के पास भी गोलियां मारी। जांच में यह बात भी सामने आई कि निखिल का शराब पीने को लेकर अपनी मां और पिता से पूर्व में भी झगड़ा होता रहता था। साल 2018 में भी निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू पर भी फायरिंग की थी, जिसमें एक गोली नीशू को लगी थी।