गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने कहा कि महापौर सुनीता दयाल कांग्रेस व सपा के पार्षदों के कहने पर पूरा सदन चला रही हैं। उनके कहने पर मेरा सदन मेें अपमान किया जा रहा है। जब से मैं निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चुना गया हूं तब से आज तक महापौर मेरा अपमान कर रही हैं। जो निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष को जगह व सम्मान देना चाहिए वह महापौर नहीं दे रही है। जिसकी शिकायत पूर्व में संगठन मंत्री और महानगर अध्यक्ष को पत्र के माध्यम से शिकायत दे चुका हूं। उन्होंने कहा कल सेवा संकल्प अभियान के चर्चा के बाद हमने शहर के विकास को लेकर कार्यकारिणी बैठक कराने की बात कही। महापौर को यह बात अच्छी नहीं लगी और शहर के विकास पर चर्चा ना करते हुए बैठक में महापौर ने दूसरा रूप देना शुरू कर दिया है। पहले कार्यकारिणी चुनाव में महापौर सुनीता दयाल ने भाजपा के महानगर अध्यक्ष के साथ जो व्यवहार किया था वह पूरा शहर और संगठन जानता है। महापौर सुनीता दयाल भाजपा संगठन व भाजपा के चुने गए पार्षदों का अपमान करने का काम करती रहती हैं। इस संबंध में संगठन मंत्री से शिकायत की जाएगी। प्रवीण चौधरी ने कहा कि निगम के प्रति शहर में कैसा माहौल है संगठन चाहे तो सभी जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों से विशेष दूत भेजकर जानकारी कर सकता है और गोपनीय जांच करा सकता है ताकि दूध का दूध और पानी का पानी साफ हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि जब हाउस टैक्स को लेकर बोर्ड बैठक में जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे उनके साथ कैसा व्यवहार हुआ था वो भी जगजाहिर है।