नई दिल्ली (युग करवट)। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके को हवाई अड्डे पर विमान के अंदर से हिरासत में लिया गया है। उनके साथ सौरव दास और आशुतोष रांका को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस अधिकारियों के विमान में दाखिल होते ही अंदर हंगामे की स्थिति बन गई थी। पुलिस और सीजेपी नेताओं के बीच बातचीत के बाद तीनों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के जवान विमान में पहुंचे तो अभिजीत दिपके ने कहा, मैं यहां गिरफ्तार होने ही आया हूं, मुझे गिरफ्तार कीजिए। दिल्ली पुलिस ने इसे गिरफ्तारी नहीं, बल्कि हिरासत बताया है। पुलिस तीनों को विमान से उतारकर एक बस में ले गई। सीजेपी ने अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका की हिरासत की निंदा की है। यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी हिरासत में लिया गया है। उन्हें गुरुग्राम के सेक्टर 56, केंद्रीय विहार इलाके से हिरासत में लिया गया। दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि ध्रुव राठी अपने माता-पिता के पास आए हैं। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी गुरुग्राम पुलिस के साथ साझा की।