नोएडा (युग करवट । गुरुवार को विधायक पंकज सिंह द्वारा सेक्टर-71 की सोसायटियों का दौरा कर स्थानीय निवासियों के साथ जन संवाद स्थापित किया गया था। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। विधायक पंकज सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद आज नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने सेक्टर 71 का दौरा कर समस्याओं के निराकरण की दिशा में कार्यवाही प्रारंभ कर दी।
प्राधिकरण अधिकारियों ने क्षेत्र में साफ-सफाई, जल निकासी, पार्कों की स्थिति, सडक़ एवं अन्य नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। विशेष रूप से सेक्टरवासियों द्वारा पार्कों की बदहाल स्थिति एवं जल प्रबंधन की समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अधिकारियों ने सभी पार्कों का निरीक्षण कर उनके रखरखाव, हरियाली एवं सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आरडब्ल्यूए अध्यक्षों के साथ बैठक कर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पार्कों में नियमित सफाई, पौधों की देखरेख, जल निकासी एवं पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके। वहीं स्थानीय निवासियों ने विधायक द्वारा समस्याओं को गंभीरता से उठाने एवं प्राधिकरण की त्वरित कार्यवाही पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि सभी कार्य शीघ्र पूर्ण होंगे और सेक्टर-71 की व्यवस्थाओं में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा। इस दौरान सतपाल यादव, पुष्पेंद्र मलिक, अनुज वर्मा, सुनील वाधवा, जगदीश यादव के अलावा नोएडा प्राधिकरण से आनंद मोहन, मदन पाल सहित सिविल, जल एवं बिजली के अधिकारी उपस्थित रहे।