नई दिल्ली (युग करवट)। ईद-उल-अजहा का पर्व अकीदत के साथ मनाया गया। जगह-जगह नमाज अदा की गई। नमाज में मुल्क में अमन-चैन और भाईचारा कायम रखने की दुआ की गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर लिखा कि ईद-उज-अजहा के अवसर पर मैं सभी देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम भाइयों और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। यह त्योहार समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। यह पर्व हमें मानवता, विशेषकर वंचित वर्गों, की सेवा करने की प्रेरणा देता है। आइए, इस अवसर पर हम समाज में प्रेम और समरसता का संचार करने के लिए अधिक प्रतिबद्धता से आगे बढ़ें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा कि ईद-उल-अधा की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर करे कि यह अवसर हमारे समाज में भाईचारे और खुशियों की भावना को और गहरा करे। सभी की सफलता और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना।