नोएडा (युग करवट)। नोएडा के थाना सेक्टर -113 क्षेत्र के सर्फाबाद गांव में रहने वाले पंडित को मन्नत पूरी न होने पर दो लोगों ने बंधक बना लिया और उनके परिजनों से एक लाख की फिरौती मांगी। आरोपी रकम लेने के लिए नोएडा आए थे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। थाना सेक्टर -113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि 9 सितंबर को एक व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता अनिल तिवारी सर्फाबाद गांव में रहते हैं। वह पुरोहित का काम करते हैं। उन्होंने कुछ समय पहले उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में रहने वाले आशीष और प्रवेश के यहां धार्मिक अनुष्ठान करवाया था। मनोकामना पूरी नहीं हुई तो आरोपियों ने पुरोहित को एक और पूजा करने के बहाने फिर से जौनपुर बुलाया। जब पुरोहित वहां पहुंचे तो उन्होंने उन्हें कमरे में बंधक बना लिया। आरोपियों की कहना था कि पुरोहित ने पूजा कराया था, लेकिन उनकी मन्नत पूरी नहीं हुई। उन्होंने कहा की पूजा में एक लाख रुपए खर्च हुए थे। वापस कर दो नहीं तो जान से मार देंगे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। पुलिस ने एक योजना के तहत पंडित के बेटे से कहा कि आरोपियों को पैसे लेने के लिए नोएडा बुलाओ। वे लोग जौनपुर से पंडित को लेकर नोएडा आ गए। इसी बीच पुलिस ने उन्हें सर्फाबाद गांव के पास से बीती रात को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी जौनपुर जनपद के सिकरारा थाना क्षेत्र के मसीदा गांव के रहने वाले हैं। उनके पास से पुलिस ने तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है।