गाजियाबाद (युग करवट)। भोपुरा-लोनी मार्ग (दिल्ली-वजीराबाद रोड) पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण एक नया फुट ओवर ब्रिज बनाने जा रहा है। यह फुट ओवर ब्रिज के बनने से कोयल एन्क्लेव योजना के आंवटियों को व्यस्त सडक़ को सुरक्षित रूप से पार करने में आसानी होगी। जीडीए ने योजना का टेंडर जारी कर दिया है जो एक करोड आठ लाख रुपए का है। इसी महीने टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यदायी संस्था को 180 दिनों में फुटओवर ब्रिज का का निर्माण पूरा करना होगा। बता दें कि कोयल एन्क्लेव योजना में रहने वाले आंवटियों को सडक़ पार करने में काफी समस्या आ रही है। भोपुरा लोनी मार्ग होने के कारण यह काफी व्यस्त मार्ग है। इसकी वजह से आए दिन दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में जीडीए ने करीब दो महीने फुट ओवर ब्रिज बनाने की योजना तैयार की थी, जिसका टेंडर अब जारी कर दिया गया है। इस एफओबी का निर्माण कोयल एन्क्वेल योजना के निकट से शुरू किया जाएगा ताकि पीक आवर्स में स्थानीय निवासी आसानी से सडक़ पार कर दूसरी ओर जा सकें। टेंडर जारी होने के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस साल तक उन्हें एफओबी की सौगात मिल सकेगी। एफओबी के तैयार होने के बाद राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सुरक्षित तरीके से सडक़ पार करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही सडक़ दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। प्राधिकरण का मानना है कि इस परियोजना से यातायात व्यवस्था भी अधिक सुचारु होगी और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।