आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी स्तर पर संभावित उम्मीदवारों, विधायकों के प्रदर्शन और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों का आंकलन किए जाने की चर्चा है। भाजपा संभावित उम्मीदवारों को लेकर फीडबैक जुटा रही है। चर्चा है कि करीब 125 विधानसभा सीटों पर सर्वे का काम पूरा हो चुका है। इनमें अधिकांश सीटें पूर्वी उत्तर प्रदेश की हैं। पूरब में सर्वे पूरा होने पर अब नजर पश्चिम यूपी की सीटों पर आ गई है। पश्चिम की सभी सीटों पर पार्टी ने सर्वे शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह भाजपा का पांचवा और अंतिम सर्वे है। इस प्रक्रिया में संगठन के अलग-अलग स्तरों से जानकारी जुटाने पर जोर है। बूथ कमेटियों, शक्ति केंद्रों और स्थानीय नेताओं से संभावित उम्मीदवारों की लोकप्रियता तथा चुनाव जीतने की क्षमता को लेकर राय ली जा रही है। इसमें यह समझने की कोशिश है कि मौजूदा विधायक के प्रति जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का रुख कैसा है। भाजपा की चुनावी रणनीति में उम्मीदवारों का चयन अहम भूमिका निभा सकता है। सर्वे के जरिए यह जानने की कोशिश की गई है कि कौन-सा चेहरा आगामी चुनाव में पार्टी के लिए बेहतर परिणाम दे सकता है। यदि किसी सीट पर मौजूदा विधायक की स्थिति कमजोर पाई जाती है, तो वहां नए उम्मीदवार को मौका देने का विकल्प खुला रह सकता है। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा का शीर्ष नेतृत्व अगले एक सप्ताह में प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय नजर आएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित कार्यक्रमों को संगठन की चुनावी तैयारियों से जोडक़र देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेंगे। 27 अक्टूबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आजमगढ़ में ओमप्रकाश राजभर के मंच पर मौजूद रहेंगे। 30 और 31 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। भाजपा की चुनावी रणनीति में बूथ स्तर का संगठन हमेशा अहम भूमिका निभाता रहा है। चर्चा है कि नवंबर से पार्टी बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों और अन्य पदाधिकारियों के साथ संवाद की प्रक्रिया तेज कर सकती है। भाजपा के अधिकतर सर्वेक्षण प्रत्याशी बदलने की गवाही दे चुके हैं। ऐसे में पार्टी नेतृत्व के सामने कई चुनौतियों पैदा हो जाएंगी।