नई दिल्ली (युग करवट)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने परीक्षा शुल्क वापसी के लिए बैंक खाते की जानकारी जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 22 जून कर दी है। यह फैसला उन छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिन्होंने अब तक अपने बैंक डिटेल्स जमा नहीं किए हैं। दरअसल, नीट यूजी परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद एनटीए ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद एजेंसी ने 21 जून को दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया। एनटीए ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि री-एग्जाम के लिए उम्मीदवारों से कोई नया परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा और पहले जमा की गई फीस वापस की जाएगी। एनटीए ने 22 मई से 26 मई तक उम्मीदवारों को नीट यूजी 2026 पोर्टल पर बैंक खाते की जानकारी जमा करने की सुविधा दी थी। हालांकि बड़ी संख्या में छात्र अब भी यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे। एजेंसी के अनुसार अब तक करीब 13 लाख उम्मीदवार अपने बैंक खाते की जानकारी अपडेट कर चुके हैं। एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी नोटिस में कहा कि जिन अभ्यर्थियों ने अब तक बैंक डिटेल्स जमा नहीं किए हैं, उन्हें अतिरिक्त समय देने के लिए यह सुविधा 22 जून तक बढ़ाई जा रही है।