गाजियाबाद (युग करवट)। प्रस्तावित होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2026 के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ द्वारा परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने सेठ मुकंद लाल इंटर कॉलेज व एमबी.गर्ल्स इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जनपद के कुल 20 परीक्षा केंद्रों पर यह भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 46,000 अभ्यर्थियों के सम्मिलित होने की संभावना है। परीक्षा का आयोजन 25, 26 एवं 27 अप्रैल को प्रतिदिन दो पालियों (प्रात: 10:00 बजे से 12:00 बजे तक एवं अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक) में किया जाएगा।
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, वेंटिलेशन, स्वच्छता, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एड.सीपी केशव कुमार चौधरी ने जानकारी दी कि सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस द्वारा पूर्वाभ्यास कराया जा चुका है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा अभ्यर्थियों के आवागमन मार्गों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।