एसडीएम कार्यालय से रिपोर्ट के लिए एक महीने से अधिक का इंतजार
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। जन्मप्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरकारी रिपोर्ट लगवाने के लिए आवेदकों को लम्बा इंतजार करना पड़ रहा है। लगातार चक्कर काटने के बाद भी एक महीने से पहले रिपोर्ट मिल पाना सम्भव हो पाता है।सबसे अधिक मुश्किल उन आवेदकों को होती है, जिनके प्रमाणपत्र दो से तीन साल बाद बन रहे हैं। इन आवेदनों पर नगर निगम के बाद एसडीएम कार्यालय से रिपोर्ट लगती है। इस रिपोर्ट को लगवाने के लिए आवेदकों को विभाग के चक्कर काटने पड़ते हैं। इसके अलावा भी प्रमाापत्रों की पेंडेसी अधिक है। जबकि नियमानुसार आवेदन किए जाने के एक महीने बाद प्रमाणपत्र जारी किया जाता है, लेकिन एक रिपोर्ट लगवाने के लिए ही आवेदकों को महीनों तक चक्कर लगाने पड़ते हैं, इसके बाद नगर निगम कार्यालय भी रिपोर्ट बनने में खासी मशक्कत करनी पड़ती है। आवेदक एक से दूसरे विभाग के सिर्फ चक्कर ही लगाते रहते हैं। ऐसे दर्जनों मामले हैं, जहां आवेदक सिर्फ एसडीएम कार्यालय से रिपोर्ट लगने का इंतजार कर रहे हैं ताकि इसके बाद वह प्रमाणपत्र बनवा सकें।