शनिवार, रविवार को खुलेगा महामाया स्टेडियम
गाजियाबाद (युग करवट)। मिजोरम के राज्यपाल वीके सिंह का गाजियाबाद और युग करवट से कितना गहरा लगाव है इसका प्रमाण एक बार फिर सामने आया है। शुक्रवार के युग करवट के अंक के नियमित कॉलम हाल-ए-शहर में महामाया स्टेडियम के शनिवार व रविवार को बंद रखने की बात लिखी गई थी। अब चूंकि राज्यपाल वीके सिंह मिजोरम में रहते हैं तो उनको युग करवट सोशल प्लेटफार्म के माध्यम से ही मिलता है। शुक्रवार को 2 बजकर 30 मिनट पर युग करवट पोस्ट किया गया। 2 बजकर 35 मिनट पर राज्यपाल रिटायर्ड जनरल वीके सिंह ने हमें कॉल कर लिया। उन्होंने बताया कि महामाया स्टेडियम शनिवार व रविवार को बंद रखना गलत है। इससे खिलाडिय़ों को बहुत असुविधा होती है।
राज्यपाल ने बताया कि उन्होंने गाजियाबाद प्रशासन से बात कर ली है। खिलाडिय़ों को असुविधा नहीं होने दी जाएगी। अब से महामाया स्टेडियम में साप्ताहिक अवकाश मंगलवार को रखा जाना सुनिश्चित किया गया है। अब महामाया स्टेडियम शनिवार व रविवार को खोला जाएगा। पांच मिनट में आई प्रतिक्रिया से पता चलता है कि वीके सिंह आज भी गाजियाबाद से जुड़ी खबरों के प्रति कितने गंभीर रहते हैं। साथ ही यह भी पता चला कि युग करवट के उन्हें कितना लगाव है कि वह पोस्ट होते ही उसे पढ़ते हैं। वरना पांच मिनट के अंदर प्रतिक्रिया आना संभव नहीं है। युग करवट भी इसके लिए उन्हें धन्यवाद देता है।