गाजियाबाद (युग करवट)। मुरादनगर के रावली कला गांव में आज तडक़े एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 80 वर्षीय एक बुजुर्ग ने अपनी 72 वर्षीय पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
इस सनसनीखेज हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। जानकारी के अनुसार, आज सुबह लगभग चार बजे हरपाल पुत्र खचेडू निवासी रावली कला, थाना मुरादनगर ने रावली चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काट दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल पर पता चला कि आरोपी हरपाल, जो मूल रूप से मोरटा कब्रिस्तान के पास का रहने वाला है और वर्तमान में रावली में अपनी बेटी के घर पर अपनी पत्नी उर्मिला के साथ रह रहा था। घर पर उनकी बेटी कंचन के लडक़े कुणाल और अजय भी मौजूद थे। कुणाल के मम्मी-पापा मेरठ गए हुए थे। मृतका उर्मिला के नाती कुणाल ने पुलिस को बताया कि उसके नाना हरपाल की मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि नाना और नानी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। घटना की रात, जब सभी लोग सो रहे थे, तब हरपाल और उर्मिला बाहर सो रहे थे। इसी दौरान यह खौफनाक वारदात हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि चारपाई पर लेटी उर्मिला के सिर पर कान के पास कुल्हाड़ी से कई गहरे घाव थे। गंभीर रूप से घायल उर्मिला को तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर ले जाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने उर्मिला का इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उपचार के दौरान ही उर्मिला को मृत घोषित कर दिया।