नई दिल्ली (युग करवट)। अगस्त में बारिश सामान्य से कम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अपने नए अनुमान में कहा है कि अगस्त में देशभर में औसत बारिश सामान्य बारिश के 94 प्रतिशत से भी कम रह सकती है। अगस्त में सामान्य तौर पर 254.9 मिलीमीटर बारिश होती है। बारिश कम रहने की एक बड़ी वजह प्रशांत महासागर में बना अल-नीनो है। इसके अगस्त तक बने रहने और सितंबर में और मजबूत होने का अनुमान है। यह अनुमान जुलाई में हुई करीब सामान्य बारिश के बाद आया है। जुलाई में कई लो प्रेशर सिस्टम और मॉनसूनी डिप्रेशन बने थे। इनकी वजह से कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई और अल-नीनो के असर को कुछ हद तक कम किया जा सका। लेकिन अब अगस्त और सितंबर में मॉनसून कमजोर रहने का अनुमान है। हालांकि, कुछ इलाकों में सामान्य से ज्यादा बारिश भी हो सकती है।