शहरों के चौराहे, मार्ग और ऐतिहासिक स्थल केवल ईंट-पत्थर के निर्माण या यातायात के केंद्र नहीं होते, बल्कि वे उस शहर की सामूहिक स्मृति और विरासत के जीवंत प्रतीक होते हैं। क्रांतिधरा मेरठ, जिसने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की नींव रखी, उसके कण-कण में बलिदान, त्याग और समाजसेवा की अनगिनत गाथाएं समाहित हैं। इसी कड़ी में इन दिनों मेरठ के ऐतिहासिक हापुड़ अड्डे का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी, दानवीर और समाजसेवी चौधरी रघुवीर नारायण सिंह त्यागी के नाम पर रखे जाने की मांग ने जोर पकड़ा है। त्यागी टाइगर आर्मी द्वारा उठाई गई यह आवाज केवल एक नाम परिवर्तन की मांग नहीं, बल्कि इतिहास के उन स्वर्णिम पन्नों को पुनर्जीवित करने का प्रयास है, जो आधुनिकता की दौड़ में कहीं पीछे छूटते जा रहे हैं।
चौधरी रघुवीर नारायण सिंह त्यागी का जीवन राष्ट्रभक्ति और परोपकार की एक ऐसी मिसाल है, जिसे किसी एक वर्ग या समाज की सीमाओं में नहीं बांधा जा सकता। मेरठ की शैक्षिक और सामाजिक नींव को मजबूत करने में उनका योगदान अतुलनीय रहा है। शहर में गांधी आश्रम की स्थापना हो या फिर विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने वाले त्यागी छात्रावास और कुमार हॉस्टल जैसे संस्थान, इन सभी के निर्माण के लिए उन्होंने अपनी बहुमूल्य भूमि सहर्ष दान कर दी। इतिहास इस बात का भी साक्षी है कि वर्ष 1920 में जब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का मेरठ आगमन हुआ था, तब चौधरी रघुवीर नारायण सिंह त्यागी ने आंदोलन को गति देने के लिए उस समय की 11 हजार रुपये की बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की थी। उस दौर में यह राशि कितनी महत्वपूर्ण थी, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। यह उनकी दूरदर्शिता और देश के प्रति अटूट प्रेम का ही परिणाम था कि मेरठ में खादी, स्वदेशी और शिक्षा की अलख निरंतर जलती रही। त्यागी टाइगर आर्मी द्वारा इस विषय पर त्यागी, ब्राह्मण और भूमिहार समाज के विभिन्न संगठनों से एकजुट होकर आगे आने की अपील इस मुहिम को एक व्यापक सामाजिक आधार देती है। जब समाज अपने पूर्वजों के गौरवशाली इतिहास को सहेजने के लिए संगठित होता है, तो वह आने वाली पीढिय़ों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। हापुड़ अड्डे जैसे प्रमुख चौराहे का नाम चौधरी रघुवीर नारायण सिंह त्यागी के नाम पर रखना न केवल उस महान विभूति के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी, बल्कि यह मेरठ के गौरवशाली इतिहास को भी नई पहचान देगा।