समाजवादी पार्टी ने 24 नवंबर को अपने पांच प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इस सूची में सबसे अधिक चर्चा सहारनपुर देहात विधानसभा सीट की हो रही है, जहां से सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मौजूदा विधायक आशु मलिक पर एक बार फिर भरोसा जताया है। यह फैसला केवल एक उम्मीदवार के चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति और विपक्षी गठबंधन के भीतर चल रही रस्साकशी के कई गहरे मायने निकाले जा रहे हैं। आशु मलिक को दोबारा मैदान में उतारने के पीछे उनका पिछला चुनावी प्रदर्शन और पार्टी नेतृत्व से उनकी नजदीकी प्रमुख कारण माने जा रहे हैं। साल 2015 से 2021 तक विधान परिषद सदस्य रहे आशु मलिक ने 2022 के विधानसभा चुनाव में पहली बार सहारनपुर देहात सीट से जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में उन्होंने 1,07,007 वोट हासिल कर भाजपा प्रत्याशी जगतपाल सिंह (76,262 वोट) को 30 हजार से अधिक मतों के बड़े अंतर से शिकस्त दी थी। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, सहारनपुर की दो सीटों (बेहट और सहारनपुर देहात) पर सबसे पहले उम्मीदवारों के नाम घोषित कर अखिलेश यादव ने कांग्रेस और विशेष रूप से सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को सीधा सियासी संदेश दिया है। इमरान मसूद सहारनपुर की सभी सात विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी उतारने का दावा कर रहे थे। इसके साथ ही आशु मलिक और इमरान मसूद के बीच के तल्ख राजनीतिक रिश्ते भी किसी से छिपे नहीं हैं। 18 अगस्त को सहारनपुर में दिशा की बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस और झड़प भी चर्चा का विषय बनी थी। ऐसे में आशु मलिक के नाम पर मुहर लगाकर सपा ने सीट बंटवारे की औपचारिक बातचीत से पहले ही अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। यह देखना दिलचस्प होगा कि सहारनपुर देहात की जनता आशु मलिक पर दोबारा भरोसा जताती है या नहीं। आशु मलिक मुलायम परिवार के वफादार नेता माने जाते हैं। वह गाजियाबाद जिले के रहने वाले हैं, लेकिन सहारनपुर में मुस्लिम वोटों के सियासी समीकरण को देखते हुए अपनी कर्मभूमि सहारनपुर को बना रखा है। आशु मलिक मुलायम सिंह यादव के साथ रहा करते थे और उनके विश्वास पात्र भी थे।