गाजियाबाद के स्थापना दिवस पर विशेष

गाजियाबाद (युग करवट)। आज गाजियाबाद जनपद की स्थापना के पचास वर्ष पूरे हो गए। 14 नवंबर 1976 को मेरठ जनपद से गाजियाबाद तहसील से जनपद बनाने की घोषणा की गई थी। उससे पूर्व जनपद में तहसील स्तरीय सरकारी अमला नियुक्त था। पहले कलेक्टर एनएन वर्मा और संभवत: तिलक काक एसपी थे। पहले जनपद न्यायाधीश आईपी सिंह बने। वैसे न्यायालयों की दृष्टि से सिविल जज तहसील थी तब भी बैठते थे उन्हें गाजियाबाद के साथ साथ बागपत तहसील का भी सिविल केस तय करने का क्षेत्राधिकार था। जिला बनने से पहले जनपद स्तरीय कार्यालय भी उपलब्ध नहीं थे। कविनगर में सी ब्लॉक मार्किट में कलेक्ट्रेट बनाया और लालक्वाटर्स में पुलिस लाइन और एसएसपी कार्यालय। दोनों अधिकारियों के आवास भी किराए के भवनों क्रमश: कविनगर और राजनगर में बनाए गए।
हमने गाजियाबाद को कस्बे से महानगर और अपराध की नगरी से शिक्षा के हब के रूप में विकसित होते देखा है। जैसे ही दिल्ली से गाजियाबाद डीटीसी की बस में बैठकर गाजियाबाद की सीमा में प्रवेश करते तो बस से एक दम टूटी सडक़ पर झटके से गिरती सवारियां कह देती लो गाजियाबाद आ गया। गाजियाबाद में सडक़ों के विकास में नारायण दत्त तिवारी जी के मुख्य मंत्रित्व काल में तेजी आई। उनकी विकास के बारे में गहरी समझ थी। जब मैं मंत्री था, तब प्रदेश सरकार में मंत्री रहे रामायण राय जी के अंतिम संस्कार में गया तो वहां तिवारी जी से भेंट हो गई। तब उन्होंने गाजियाबाद की सडक़ों और विकास के संबंध में चर्चा की और मुझे किसी और दिन अपने आवास पर आमंत्रित किया। मैं उनके आवास पर गया तो उन्होंने उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास के बारे में कुछ बड़े महत्वपूर्ण बिंदु बताए और उन्हें मुख्यमंत्री कल्याण सिंह जी से साझा करने के लिए कहा, कल्याण सिंह जी ने भी उन बिंदुओं के महत्व को सराहा।
वैसे सडक़ों पर डिवाइडर, बीच में सेंट्रल वर्ज उन पर जाली, स्ट्रीट लाइट, चौराहों का विकास उन पर ट्रैफिक सिग्नल 1991 के बाद प्रारंभ हुए। कल्याण सिंह जी गाजियाबाद को दिल्ली के स्तरीय विकसित करने की योजना बनाने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई और कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर एक व्यवस्थित विकास का क्रम चल पड़ा जो आज आपके सामने है। 1991 में उत्तर प्रदेश में पहली बार भाजपा की अपने पूर्ण बहुमत की सरकार बनी और कल्याण सिंह उसके मुख्य मंत्री बने। उन्होंने नारा दिया निर्दोष को छेड़ो मत और अपराधी को छोड़ो मत। गाजियाबाद में अपराधियों के गैंगों को मिटाने का काम दृढता से प्रारंभ हुआ। गाजियाबाद में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई। निजी क्षेत्र में मैनेजमेंट, टेक्निकल और चिकित्सा के संस्थानों की स्थापना का एक दौर चल गया। इंजीनियरिंग, मेडिकल और डेंन्टल कालिज बने। पहले बच्चे पढ़ाई के लिए दक्षिण भारत में जाते थे, अब बाहर से पढऩे गाजियाबाद में आते हैं। बेसिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा के विकास मेरा भी गिलहरी जितना योगदान है। कभी बड़े वृक्ष की छाया में बड़ा वृक्ष विस्तार नहीं पाता ऐसे ही दिल्ली के पास होने के कारण अपने आप में एक स्वतंत्र, स्वाबलंबी शहर नहीं बन पाया। दिल्ली के पास होने के बाद भी दिल्ली का लाभ कम हानि ज्यादा हुई। दिल्ली पर निर्भरता बनी रही। सुविधा तो दिल्ली जितनी कभी भी मिली लेकिन निकाय टैक्स, मंहगाई आदि का कष्ट सदैव मिलता रहा है। आज गाजियाबाद में एक राजकीय मेडिकल कॉलेज और आईआईटी , एआईएम संस्थान मिलें तो कुछ क्षतिपूर्ति हो।