यमुना सिटी में 1220 करोड की लागत से
बनने वाली कंपनी की आधारशिला रखी
ग्रेटर नोएडा (युग करवट)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यमुना सिटी के सेक्टर-8 में 100 एकड़ मे 1220 करोड रुपए की लागत से बनने वाली सीएनएच कंपनी की आधारशिला लखनऊ से ऑनलाइन रखी। वह इस कार्यक्रम में लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस दौरान सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, सांसद सुरेंद्र नागर, विधायक तेजपाल नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह, भजापा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, सीएनएच इंडस्ट्रियल एनवी के सीईओ गेरिट मार्क्स और सीएनएच इंडिया रीजन के प्रेसिडेंट एवं एमडी नरेंद्र मित्तल, कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, निदेशक और अधिकारी मौजूद रहे।
यमुना प्राधिकरण ने सीएनएच कंपनी को सेक्टर-8 में 100 एकड़ जमीन आवंटित की है। यहां कंपनी ट्रैक्टर और अन्य कृषि मशीनरी का निर्माण करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विश्वास प्रकट करने के लिए सीएनएच के प्रबंधन का आभार व्यक्त करता हूं। मुझे विश्वास है कि यह प्रोजेक्ट प्रदेश में कृषि क्षेत्र, विकास और मॉडर्न मैन्युफैक्चरिंग को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट से स्थानीय युवाओं को रोजगार और व्यापार का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रूल ऑफ माफिया के स्थान पर रूल आफ लॉ स्थापित हुआ है। अच्छी कानून व्यवस्था और उद्योग क्षेत्र को मिल रही बेहतरीन सुविधा के चलते देश- विदेश की कंपनियां लाइन लगाकर यहां पर निवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि आपने यूपी के बुलडोजर की जरूर चर्चा सुनी होगी। इसलिए मैं कंपनी से इस बारे में कहूंगा कि आप यूपी में बुलडोजर और ट्रैक्टर की मैन्युफैक्चरिंग करने के लिए आए हैं ,तो देश और विदेश में स्वत: ही इसकी डिमांड होगी। उन्होंने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। इसका विकास 25 हजार हेक्टेयर में किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में कभी गोलियां चलती थी, क्राइम रेट में देश के अंदर सबसे बदनाम क्षेत्र बन गया था, अच्छे जनप्रतिनिधियों के चुनाव होने के कारण जनता के साथ उनके बेहतर संबंध और समन्वय होने के कारण उनके प्रयास से जेवर आज सचमुच भारत का जेवर के रूप में स्थापित हो रहा है।