लखनऊ (युग करवट)। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने नए गठबंधन का ऐलान किया है। इस गठबंधन को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नाम दिया गया है, जिसमें फिलहाल दो प्रमुख दल आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम शामिल हैं। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि इसे तीसरा मोर्चा कहना सही नहीं होगा, बल्कि यह सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है। ओवैसी ने बताया कि सीएम का चेहरा आजाद ही होंगे। चंद्रशेखर आजाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में पिछड़े, दलित और मुस्लिम समाज के लोगों के साथ मारपीट और उत्पीडऩ हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने ऊपर दर्ज मुकदमे वापस लिए, लेकिन हाथरस में एक दलित लडक़ी को रात में पेट्रोल डालकर जला दिया गया, प्रयागराज में फूलचंद के पूरे परिवार की हत्या हुई और कासगंज में अल्ताफ को पुलिस हिरासत में मार दिया गया। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने कई मोर्चे बनाए थे। बाबा साहेब का कहना था कि लोकतंत्र में जिस दल का अपना संगठन नहीं होता, उसकी ताकत भी नहीं होती। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बीजेपी का लक्ष्य संविधान और आरक्षण को खत्म करना है, लेकिन वे ऐसा नहीं होने देंगे। उनका मोर्चा 2027 में सत्ता परिवर्तन करेगा। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी गठबंधन में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि उनका दिल बड़ा है और बीजेपी को हटाने के लिए जो भी उनके साथ आना चाहेगा, उसका स्वागत किया जाएगा।