कई मतदान केंद्रों पर बनी गलतफहमी की स्थिति
गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खण्ड स्नातक व खंड शिक्षक के चुनाव सुबह आठ बजे से शुरू हो गया था। मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही शिक्षक व स्नातक मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया था। मतदाताओं में मतदान को लेकर बूथों पर खासा उत्साह भी देखने को मिला।
शुरूआती एक घंटे में कहीं-कहीं थोड़ी दिक्कतें आई, लेकिन उसके बाद मतदान सुचारू रूप से चला। सुबह दस बजे तक जिले के 75 बूथों पर स्नातक सीट पर 7.12 फीसदी और शिक्षक सीट पर 10.26 फीसदी मतदान हो चुका था। 12 बजे तक स्नातक सीट पर 12.86 फीसदी मतदान हुआ तो वहीं शिक्षक सीट पर 28.03 फीसदी मतदान हो चुका था। खबर लिखे जाने तक मतदान सामान्य गति से चल रहा था। प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए इंतजाम किए गए हैं, जिससे मतदाताओं को कोई दिक्कतें न हो। पोलिंग सेन्टर में बिना पहचान पत्र के किसी को एंट्री नहीं दी जा रही थी। गाजियाबाद में 13 केंद्रों पर बने 75 मतदेय स्थलों पर मेरठ खंड स्नातक के 31169 और मेरठ खंड शिक्षक के 9845 मतदाता मतदान कर रहे हैं। मेरठ खंड स्नातक सीट पर आठ प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं जिसमें दिनेश कुमार गोयल गाजियाबाद भाजपा, परमेंद्र सिंह भाटी एडवोकेट गौतम बुध नगर सपा, निर्दलीय में डॉ.अमित कुमार जैन मुजफ्फरनगर, दुष्यंत त्यागी बागपत, सैय्यद अकरम रजा मेरठ, राहुल कुशवाहा मुजफ्फरनगर, एडवोकेट विक्रांत वशिष्ठ मेरठ, विजय कुमार त्यागी सहारनपुर से हैं। वहीं मेरठ खंड शिक्षक चुनाव में दस प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। जिसमें सपा से हापुड के डॉ.नितिन तोमर, भाजपा से श्रीचंद शर्मा, निर्दलीय में गौतमबुद्घनगर से डॉ.कुलदीप मलिक, गाजियाबाद से तनुज गंभीर, सहारनपुर से पवन शर्मा, मुजफ्फरनगर से बाकर हुसैन, बागपत से सुशील चौधरी, सहारनपुर से डॉ.सुशील कुमार पुंडीर, बागपत से स्वराज पाल, मुजफ्फरनगर से हरकेश सिंह मौजूद रहे। पोलिंग सेन्टरों पर पुलिस व्यवस्था कड़ी रही तो चुनाव में लगे अधिकारी भी लगातार मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करते रहे।