गाजियाबाद (युग करवट)। शालीमार गार्डन के एसएचओ अवधेश त्रिपाठी की टीम ने तीन दिन पूर्व हुए युवक के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दिया। इस खुलासे के दौरान पुलिस ने दो हत्याभियुक्तों को भी आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने कांचू उर्फ कांची मर्डर केस में जिन दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है उन दोनों के नाम समीर हैं। सूत्रों की माने तो युवक की हत्या नशा करने के दौरान हुए विवाद की वजह से की गई थी। हत्या करने के बाद हत्यारों ने युवक के शव को शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र स्थित पानी से भरे प्लॉट में फेंक दिया था। सूत्रों के अनुसार पानी में पड़े हुए युवक की शिनाख्त कांचु उर्फ कांची उर्फ दिपांशु निवासी टीला मोड के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद जब यह पता चला कि युवक की हत्या की गई है तो शालीमार गार्डन थाने के एसएचओ अवधेश त्रिपाठी की टीम ने मर्डर की गुत्थी सुलझाने के प्रयास करने शुरू कर दिये थे।