कोर्ट से बाइज्जत बरी होने के बाद मीडिया से रूबरू हुए पूर्व विधायक
गाजियाबाद (युग करवट)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं साहिबाबाद के पूर्व विधायक पंडित अमरपाल शर्मा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यायालय से बरी होने के बाद अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज हत्या के मामले को राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि सच्चाई को कुछ दिन छिपाया जा सकता है लेकिन कभी दफनाया नहीं जा सकता। अमरपाल शर्मा ने कहा कि माननीय न्यायालय के फैसले ने उन्हें न्याय दिलाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ झूठे मुकदमे के जरिए उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। इस पूरे प्रकरण के चलते उन्हें पिछले दस वर्षों में मानसिक सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर काफी नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने सवाल उठाया कि इन दस वर्षों में हुए नुकसान और उनकी बर्बादी का हिसाब आखिर कौन देगा? प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगने से उसकी प्रतिष्ठा और राजनीतिक जीवन प्रभावित होता है। ऐसे मामलों में न्याय मिलने के बाद उस व्यक्ति को हुई मानसिक पीड़ा और सामाजिक नुकसान पर भी गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कठिन समय में साथ देने वाले अपने समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार भी जताया।