इंडिया गठबंधन के सांसदों का प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका, अखिलेश हिरासत में
नई दिल्ली (युग करवट)। विपक्षी नेता और सांसदों ने आज एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बडिय़ों और सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च किया। प्रस्तावित मार्च को देखते हुए विजय चौक और आसपास के इलाकों में दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने नीति आयोग कार्यालय के पास धरना दिया। सपा सांसद अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि 2017, 2019, 2022 और 2024 में आयोग ने कथित तौर पर बेईमानी की। उन्होंने पश्चिम बंगाल में भी चुनाव आयोग की भूमिका पर गंभीर आरोप लगाए। सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि इससे ज्यादा महत्वपूर्ण कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर बड़े पैमाने पर लोगों के वोट हटा दिए जाएं और इस तरह सत्ता पर कब्जा किया जाए, तो लोकतंत्र का क्या मतलब रह जाएगा। विरोध मार्च के दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद पुलिस के बैरिकेड पर चढ़ गए। वहीं प्रियंका गांधी और राहुल गांधी धरने पर बैठ गये। थोड़ी देर बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।