यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया शुभारंभ
ग्रेटर नोएडा (युगकरवट)। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआइटीएस) के चौथे संस्करण का केंद्रीय गृह गृहमंत्री अमित शाह ने उद्घाटन किया। इस मौके पर उतर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी, एक शर्मा, राकेश सचान सहित उत्तर प्रदेश के कई मंत्री, अधिकारी शामिल रहे। इस ट्रेड शो में पहली बार आस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम साझेदार देश के तौर पर सहभागिता कर रहे हैं।
केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने यूपी ट्रेड शो के शुभारंभ पर कहा कि 25 सितंबर को दीनदयाल उपाध्याय जी की 110वीं जयंती हैं। इस मौके पर कार्यक्रम का शुभारंभ होना ही बड़ी बात है। उन्होंने ही आर्थिक नीति को रखा था। उन्होंने संगठन आधरित राजनीति का काम किया है। दीनदयाल उपाध्याय का जीवन हमारी प्रेरणा है। 12 साल पहले पीएम मोदी मोदी ने इसी दिन पर मेक इन इंडिया मिशन की घोषणा की थी। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, उत्तर प्रदेश में पहले माफिया होते थे। योगी आदित्यनाथ सरकार ने माफिया को खत्म कर दिया है। उत्तर प्रदेश आज भय मुक्त प्रदेश बन चुका है। दुनिया भर से खरीददार ट्रेड शो में मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी ट्रेड शो के शुभारंभ पर कहा कि 90 से अधिक देशों से मेहमान यहां आए हैं। साझेदार देशों का ट्रेड शो में स्वागत है। यूपी को दुनिया के बाजार से जोडऩा है। यूपी मैन्युफैक्चरिंग का हब बन रहा है। उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। चौथा संस्करण इसके वैश्विक आकर्षण को दिखा रहा है। उत्तर प्रदेश में जब भाजपा की सरकार बनी तो एक जिला और एक उत्पाद को पहचान मिली। जो अपनी जड़ों से जुडक़र कदम से कदम मिलाकर चलता है उसे दुनिया में जगह मिलती है। यूपी के उद्यमियों को दुनिया से जोडऩा है। यूपी के कारीगरों पर दुनिया को भरोसा है।
25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपीआईटीएस 2026 में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.5 लाख से अधिक बीटूबी खरीदारों एवं आगंतुकों, 4.5 लाख से अधिक सामान्य आगंतुकों तथा 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है। इसमे अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। एफआईईओ के होस्टेड बायर प्रोग्राम के माध्यम से वास्तविक खरीदारों, आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स, प्रोक्योरमेंट प्रमुखों, व्यापार संघों और व्यावसायिक उद्यमों को आयोजन से जोड़ा जा रहा है। बीटूबी मैचमेकिंग, नेटवर्किंग और बिजनेस सेशंस के माध्यम से खरीदारों और प्रदर्शकों को सीधे कारोबारी संवाद का अवसर मिलेगा। यूपीआईटीएस 2026 में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, कृषि, हस्तशिल्प और सेवा क्षेत्र की विविधता दिखाई देगी। इसमें कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, ऑटोमोबाइल, ईवी एवं ऑटो कंपोनेंट्स, एविएशन, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं ई-कॉमर्स, आईटी एवं स्मार्ट-सिटी सॉल्यूशंस, फिल्म एवं मनोरंजन, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी, फूड प्रोसेसिंग एवं एफएमसीजी, बागवानी, हैंडलूम, हस्तशिल्प एवं टेक्सटाइल्स, स्वास्थ्य, वेलनेस, आयुष, फार्मास्यूटिकल्स एवं मेडिकल इक्विपमेंट, इन्फ्रास्ट्रक्चर, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग एवं रियल एस्टेट, लेदर, पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी, स्पोर्ट्स, टॉयज, रिन्यूएबल एनर्जी, पावर, माइनिंग, लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग, रिटेल, फाइनेंशियल सर्विसेज, शिक्षा एवं कौशल, पैकेजिंग एवं प्रिंटिंग तथा जल, स्वच्छता एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन जैसे क्षेत्र शामिल होंगे।