नोएडा (युग करवट)। दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जनपद जा रही एक डबल डेकर बस में बुधवार की मध्य रात्रि को यमुना एक्सप्रेसवे के 33 किलोमीटर पर भयंकर आग लग गई। बस में उस समय 35 लोग सवार थे। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, पुलिस, जिला प्रशासन की टीमों ने रेस्क्यू करके काफी लोगों को बाहर निकाला, लेकिन एक महिला सहित नौ लोगों की जलकर मौत हो गई है। इस घटना के चलते मध्य रात्रि से आज सुबह तक यमुना एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मची हुई है। पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने गैस कटर से बस को काटकर उसमें फंसे हुए शवों को बाहर निकाला।
अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि एक डबल डेकर बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से 35 सवारियों को भरकर बुधवार की मध्य रात्रि को यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते महोबा जनपद के लिए रवाना हुई। उन्होंने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे के 33 किलोमीटर तक पहुंचते पहुंचते बस में अचानक से आग लग गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर दमकल विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि रेसक्यू करने के बाद करीब 26 लोगों को बाहर निकला गया, जबकि एक महिला सहित नौ लोगों की जलने से मौत हो गई है। कुछ लोग बस में भरे धुएं की वजह से बेहोश हो गए थे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनकी हालत अब ठीक है। उन्होंने बताया कि आगजनी के चलते बस में पूरी तरह से धुआं भर गया था। घटना के समय कुछ लोग सो रहे थे।
उन्होंने बताया कि काफी लोग सोने की वजह से बस में फंस गए तथा उनकी जलने से मौत हो गई। अपर आयुक्त ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने बस का शीशा तोडक़र और गैस कटर से बस के काफी हिस्से को काटा तथा उसमें फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों की पहचान हुई है लेकिन अभी तक कुछ की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस सभी लोगों की पहचान कराकर उनके परिजनों को सूचना देने का प्रयास कर रही है। बस में सवार रिंकी राजपूत ने बताया कि वह डबल डेकर नोएडा बस में नोएडा से सवार हुई थी तथा तथा अपने घर राठ जा रही थी। घटना के समय वह सो रही थी। किसी यात्री ने उनके केबिन को जोर-जोर से पीट कर जगाया। उसके बाद बस के बाहर निकली। उन्होंने बताया कि घटना के समय काफी धक्का-मुक्की थी। लोग बाहर निकालने के लिए एक दूसरे को धक्का दे रहे थे। उन्होने बताया कि लोगों में इतनी अफरा-तफरी थी कि किसी ने अपना सामान भी नहीं उठाया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे। इस घटना में काफी लोगों का समान, नगदी, जेवर, मोबाइल फोन आदि भी जल गया है। उन्होंने बताया कि घटना के करीब आधे घंटे बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मौके पर पहुंची थी। बस में सवार रिंकी के अनुसार इस घटना में नौ लोगों से ज्यादा की मरने की आशंका है।
सीएम ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता राशि की घोषणा की
नोएडा (युग करवट)। यमुना एक्सप्रेसवे में डबल डेकर बस में आग लगने से हुई नौ लोगों की मौत की दुखद घटना का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि वे मौके पर पहुंचे और मृतकों के परिजनों से बातचीत कर सारी कानूनी प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करें। वहीं पुलिस को मृतको के शवों की शिनाख्त कराने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि शव बुरी तरह से जल गए हैं, और कई के चेहरे छत- विक्षत हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोपहर तक लोगों की पहचान हो जाएगी।
चालक परिचालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा
नोएडा (युग करवट)। यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस में आग लगने से हुई नौ लोगों की मौत के मामले में बस में सवार जनपद हमीरपुर के राठ निवासी सुनील कुमार ने थाना जेवर में बस के ड्राइवर और परिचालक आदि के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय रवि शंकर निम ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125 बी, 105,351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि कई शव काफी क्षत-विक्षत हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कुछ शवों की शिनाख्त कराने के लिए डीएनए भी करवाना पड़ सकता है।
राष्टï्रपति, पीएम व रक्षामंत्री ने जताया शोक
ग्रेटर नोएडा (युग करवट)। यूपी में बस में आग लगने से हुई मौतों पर राष्ट्रपति मुर्मू ने दुख जताया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से हुई मौतें बेहद दुखद हैं और उन्होंने पीडि़त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द ठीक होने की भी कामना की।
पीएम ने दुख जताया, मुआवजे का एलान
ग्रेटर नोएडा में हुए हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवेदनाएं प्रकट कीं हैं। एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में हुई मौतों के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। मृतकों के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
रक्षामंत्री राजनाथ ने भी व्यक्त किया दुख
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी ग्रेटर नोएडा में हुए बस हादसे पर दुख जताया है। ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने से हुई यात्रियों की मृत्यु अत्यंत दु:खद एवं हृदयविदारक है। इस दर्दनाक हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उनके शोकाकुल परिजनों को यह अपार दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
सीएम ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता राशि की घोषणा की
नोएडा (युग करवट)। यमुना एक्सप्रेसवे में डबल डेकर बस में आग लगने से हुई नौ लोगों की मौत की दुखद घटना का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि वे मौके पर पहुंचे और मृतकों के परिजनों से बातचीत कर सारी कानूनी प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करें।
वहीं पुलिस को मृतको के शवों की शिनाख्त कराने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि शव बुरी तरह से जल गए हैं, और कई के चेहरे छत- विक्षत हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोपहर तक लोगों की पहचान हो जाएगी।