लखनऊ (युग करवट)। उत्तर प्रदेश की राजनीति में विधान परिषद सदस्य की रिक्त हो रही सीटों को लेकर हलचल तेज हो गई है। राज्य में खाली हो रही 11 एमएलसी सीटों के लिए औपचारिक रूप से अधिसूचना जारी कर दी गई है। चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी, जबकि मतगणना के बाद 27 अक्टूबर को चुनाव के अंतिम परिणाम सामने आएंगे। जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है, उनमें अवनीश कुमार सिंह, आशुतोष सिन्हा, मानवेंद्र प्रताप सिंह और दिनेश गोयल जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। इनके अलावा मान सिंह यादव, उमेश द्विवेदी, लाल बिहारी यादव, आकाश अग्रवाल, हरि सिंह ढिल्लो, धु्रव कुमार त्रिपाठी और श्रीचंद्र शर्मा का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है।