गाजियाबाद (युग करवट)। राजनगर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन राजनगर की वार्षिक आम सभा आईएमए भवन राजनगर में हुई। सभा में अध्यक्ष डीके गोयल ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए संस्था के 17 वर्ष पुराने पंजीकरण के नवीनीकरण को प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया।
पंजीकरण नवीनीकरण को लेकर अध्यक्ष द्वारा मंच से जानकारी दी गई लेकिन इस महत्वपूर्ण कार्य को वास्तविक रूप से अंजाम तक पहुंचाने में सहकारी क्रय विक्रय समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सारस्वत के प्रयासों की अहम भूमिका रही। लंबे समय से लंबित इस मामले को लेकर सारस्वत ने व्यक्तिगत रुचि लेते हुए संबंधित विभाग एवं अधिकारियों के स्तर पर लगातार प्रयास और समन्वय किया जिसके परिणामस्वरूप संस्था का पंजीकरण नवीनीकृत हो सका। राजनगर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि करीब 17 वर्षों से संस्था के पंजीकरण के नवीनीकरण का मामला लंबित था। ऐसे में वीरेंद्र सारस्वत ने जिस गंभीरता, सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ इस कार्य को आगे बढ़ाया उसकी संस्था से जुड़े लोगों ने जमकर सराहना की। आरडब्ल्यूए सदस्यों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी वीरेंद्र सारस्वत इसी तरह सामाजिक संस्थाओं और जनहित से जुड़े कार्यों में अपनी प्रभावी भूमिका निभाते रहेंगे।