नोएडा (युग करवट)। नोएडा विधानसभा क्षेत्र में वर्क सर्किल-3 के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी नोएडा विधानसभा अध्यक्ष ठाकुर बबलू चौहान ने नोएडा विकास प्राधिकरण के वर्क सर्किल-3 के वरिष्ठ प्रबंधक आरके शर्मा से सेक्टर-19 स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान बबलू चौहान ने सिविल एवं जनस्वास्थ्य विभाग से संबंधित सडक़ों में बने गड्ढों, जलभराव और जल निकासी सहित विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया तथा इनके शीघ्र निस्तारण की मांग की। उन्होंने गांव सदरपुर एवं सदरपुर कॉलोनी की जनसमस्याओं से संबंधित एक प्रार्थना पत्र भी अधिकारियों को सौंपा। प्रार्थना पत्र में कॉलोनीवासियों की पिछले कई महीनों से चली आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। बबलू चौहान ने टूटे एवं गड्ढों में तब्दील रास्तों का निर्माण कराने, आरसीसी सडक़ एवं नालियां बनवाने तथा हल्की बारिश में भी गांव की सडक़ों पर होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पानी की उचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मुलाकात के दौरान सुमित कुमार, निखिल कुमार सहित कई कॉलोनीवासी मौजूद रहे।