नोएडा (युग करवट)। आम आदमी पार्टी गौतमबुद्ध नगर के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष परशुराम चौधरी के नेतृत्व में ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ के तहत बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को दस सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्राथमिक विद्यालय होशियारपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय कैलाशपुर समेत अन्य सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की गई। प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला प्रभारी सीएम चौहान ने कहा कि पिछले दिनों उन्होंने जर्जर स्कूलों की स्थिति के वीडियो बनाकर सामने रखे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन स्कूलों में बच्चों के लिए साफ पेयजल और छात्राओं के लिए समुचित शौचालय तक की व्यवस्था नहीं है। जिलाध्यक्ष परशुराम चौधरी ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य सरकारी स्कूलों को बेहतर कराना है, ताकि गरीब परिवारों के बच्चे अच्छी शिक्षा से वंचित न रहें। ज्ञापन सौंपने के दौरान परशुराम चौधरी, सीएम चौहान, पंकज अवाना, नवीन भाटी, स्वाति सिंह, यतेंद्र शर्मा, केशव उपाध्याय, अनिल चेची, राहुल सेठ समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।