गाजियाबाद (युग करवट)। लगातार एक सप्ताह से लोनी का माहौल बहुत ही गरम चल रहा है। एक व्यक्ति हाजी सलमान द्वारा लोनी के विधायक नंद किशोर गुर्जर के बारे में अशोभनीय टिप्पणी और धमकी का वीडियो वायरल होने के बाद माहौल और गरमा गया था। इतना ही नहीं हाजी सलमान के ऊपर 25 हजार का ईनाम भी पुलिस ने रख दिया था। लोनी में अमन-शांति रहे इसको लेकर लोनी के कई भाजपा नेता एवं सपा के पूर्व विधायक ने संयुक्त रूप से एक प्रेसवार्ता की थी जिसके बाद वहां भी हंगामा हो गया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के हंगामे के बाद जो वीडियो जारी हुई उससे माहौल शांत होने के बदले और तनावपूर्ण हो गया। वीडियो ही जारी नहीं हो रही है बल्कि बकायदा पंचायतों का भी आयोजन किया जा रहा है।
दरअसल, चुनावी मौसम है और लोनी सीट को लेकर एक नहीं दर्जनों दावेदार हैं। सभी को मौके की तलाश थी और वो मौका मिल गया। पंचायतों में, वीडियों में लोनी के विधायक पर जहां निशाना साधा जा रहा है तो वहीं विधायक के समर्थन में भी लोग आ गये हैं। इस बीच विवाद की मुख्य जड़ हाजी सलमान की गिरफ्तारी भी राजस्थान के चितौडग़ढ़ से गाजियाबाद क्राइम ब्रांच के प्रभारी अनिल राजपूत एवं उनकी टीम ने कर ली। इस बार पुलिस की गाड़ी पलटी नहीं बल्कि आरोपी की गाड़ी टकरा गई। पहले की कई घटनाएं यूपी में हुई थी जिसमें कई गाडिय़ां पलटी थी और उसके बाद जो कुछ हुआ था वो सभी के सामने था। इस बार पुलिस की गाड़ी नहीं पलटी बल्कि आरोपी की गाड़ी टकरा गई और ऐसी टकराई कि उसमें उसकी पत्नी और भाई फरार हो गये और हाजी सलमान पुलिस के हाथ आ गये।