नोएडा (युग करवट)। थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर बीती रात को सडक़ पार करते समय एक हेड कांस्टेबल को अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। इस घटना में उनकी मौत हो गई। थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मूल रूप से मुजफ्फरनगर के दतिया नगर गांव निवासी राजपाल सिंह विगत तीन वर्षों से थाना नॉलेज पार्क में तैनात थे। वह यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर बीती रात को ड्यूटी पर तैनात है, तभी एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।