इस्कॉन में जन्माष्टमी पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
नोएडा (युग करवट)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर इस्कॉन मंदिर में होने वाले महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के साथ भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। महिलाओं और बालिकाओं की सहायता के लिए विशेष पिंक बूथ बनाया गया है। वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए परिसर में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी रहेगी। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए डॉक्टरों और मेडिकल टीम की व्यवस्था की गई है। मंदिर प्रशासन ने वरिष्ठ नागरिकों और गर्भवती महिलाओं से भीड़ से बचने के लिए घर से ही इस्कॉन के यूट्यूब चैनल और फेसबुक के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करने की अपील की है। मंदिर प्रबंधन का कहना है कि जन्माष्टमी महोत्सव को श्रद्धा, भक्ति, सुरक्षा और सेवा के समन्वय का आयोजन बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।