ग्रेटर नोएडा (युग करवट)। अगस्त क्रांति के अवसर पर करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने भूजल दोहन और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री के विरोध में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी अरुण कुमार को सौंपकर दोनों समस्याओं के समाधान की मांग की।
संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय और आलोक नागर ने आरोप लगाया कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र में निजी बिल्डरों द्वारा बड़े पैमाने पर भूजल का दोहन किया जा रहा है, जिससे प्राकृतिक जल स्रोत प्रभावित हो रहे हैं। जिला प्रशासन और भूजल विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि जिले में नकली दूध, घी, पनीर, खोया, मिठाइयों सहित अन्य मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थ खुलेआम बेचे जा रहे हैं। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और आम नागरिकों की चिंता लगातार बढ़ रही है। मास्टर दिनेश नागर ने बताया कि दादरी, सूरजपुर, बिलासपुर, दनकौर, रबूपुरा, जेवर, नोएडा के विभिन्न सेक्टरों, ग्रेटर नोएडा, तुगलपुर, कासना, जगत फार्म तथा जनपद के अन्य क्षेत्रों में मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे खाद्य पदार्थों के सेवन से विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान बलराज हूंन, शिवकुमार कसाना, प्रेमराज भाटी, दुलीचंद नागर, पवन यादव, लखमी पंडित, आकाश नागर (जग्गू प्रमुख), कमल नागर, राजे नागर, नबाब सिंह नागर, सुशील नागर, नितिन नागर, मोहित नागर, महेश नागर, निशांत तिवारी, तेजवीर चौहान, विजय प्रताप, मलखान यादव, वरुण नागर, शेखर नागर, शादीराम, हुकुम सिंह, पुष्पेंद्र पंडित, राजपाल भाटी सहित संगठन के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।