लखनऊ (युग करवट)। विधान परिषद में एमएलसी दिनेश गोयल ने गाजियाबाद सहित पूरे प्रदेश में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए लगाए गए पैनिक बटन के खराब एवं निष्क्रिय होने का गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद-एनसीआर क्षेत्र में लाखों महिलाएं प्रतिदिन बसों से आवागमन करती हैं। ऐसे में करोड़ों की लागत से लगे पैनिक बटन का कार्य न करना महिला सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने सरकार से मांग की कि गाजियाबाद सहित प्रदेश की सभी बसों में लगे पैनिक बटन की तत्काल तकनीकी जांच कर उन्हें 100 प्रतिशत कार्यशील बनाया जाए एवं नियमित रखरखाव की पुख्ता व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद की मातृशक्ति की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।