पूर्व मेयर अशु वर्मा भी रहे मौजूद, मंडल अध्यक्षों की कराई मुलाकात
लखनऊ (युग करवट)। शहर विधायक संजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर गाजियाबाद विधानसभा के विकास एवं जनहित से जुड़े अनेक विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान विधायक संजीव शर्मा ने गाजियाबाद के फोटो जर्नलिस्ट स्वर्गीय उस्मान सैफ़ी की करंट लगने से हुई आकस्मिक मृत्यु का विषय मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि स्वर्गीय उस्मान सैफ़ी अपने पीछे पत्नी एवं दो अविवाहित पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। विधायक ने पीडि़त परिवार को यथासंभव आर्थिक सहायता एवं सरकारी सहयोग उपलब्ध कराए जाने का आग्रह किया। संजीव शर्मा ने क्रॉसिंग क्षेत्र में नाले के निर्माण एवं डेंस रोड निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। विधायक संजीव शर्मा ने लाइन पार क्षेत्र में कन्या डिग्री कॉलेज का निर्माण शीघ्र शुरू कराने का भी आग्रह किया। विधायक ने डूडा विभाग में परियोजना अधिकारी के लंबे समय से रिक्त पद पर शीघ्र नियुक्ति किए जाने का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इस अवसर पर पूर्व मेयर अशु वर्मा भी मौजूद रहे।