अयोध्या (युग करवट)। श्रीराम मंदिर में रामलला के दर्शन की तरह अब राम दरबार में भी श्रद्धालुओं के लिए नई दर्शन व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था पहले से अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाई गई है। श्रद्धालु अब पांच कतार में लगकर राम दरबार के दर्शन कर सकेंगे। व्यवस्था सुदृढ़ करते हुए राम दरबार में रेलिंग लगाई गई है। श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग दीर्घाएं निर्धारित की गई हैं। अब तक श्रद्धालु बिना किसी रेलिंग के सीधे राम दरबार के निकट दर्शन करते थे। भीड़ बढऩे पर आने-जाने का मार्ग एक होने से अव्यवस्था होती थी। नई व्यवस्था से श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम होगी। इससे भीड़ प्रबंधन में भी काफी सहूलियत मिलेगी। विशेष अवसरों और त्योहारों पर अनावश्यक भीड़ का सामना कम करना पड़ेगा।