गाजियाबाद (युग करवट)। पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने आवास विकास वसुंधरा क्षेत्र में मान्यता प्राप्त निजी भवनों में संचालित विद्यालयों को सील किए जाने संबंधी नोटिस के विरोध में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा सेमुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए विद्यालयों के हित में शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि एसोसिएशन से जुड़े लगभग 25 विद्यालयों में 10 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों की आजीविका भी इन संस्थानों पर निर्भर है। विद्यालय वर्षों से मान्यता के निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं। ऐसे में सीलिंग की कार्रवाई होने पर न केवल हजारों विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित होगी, बल्कि बड़ी संख्या में कर्मचारियों के समक्ष भी रोजगार का संकट उत्पन्न हो जाएगा।
प्रतिनिधियों ने मंत्री से अनुरोध किया कि विद्यार्थियों के भविष्य तथा कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सीलिंग की प्रस्तावित कार्रवाई तत्काल रोकी जाए और इस समस्या का न्यायोचित समाधान निकाला जाए। कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी तथा संबंधित अधिकारियों से तत्काल वार्ता कर उचित समाधान कराने का आश्वासन दिया।
मंत्री द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सरकार विद्यार्थियों एवं शिक्षा संस्थानों के हितों की रक्षा के लिए संवेदनशील निर्णय लेगी। प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय त्रिपाठी, उदय रस्तोगी, सुनील सिंह, भूपेंद्र तोमर, ओंकार सिंह, उमेश पंत, प्रदीप शर्मा, बी.एन. तिवारी, राकेश, जय भगवान, राजकुमार, संजय चौहान, सत्यवीर चौधरी, रेणु राजपूत, अमित यादव, सुमित, हरेंद्र, पुष्पा एवं सीमा उपस्थित रहे।