नोएडा (युग करवट)। रिपब्लिक क्रॉसिंग सोसाइटी में रहने वाले पति-पत्नी ने आपस में हुए झगड़े के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। थाना कासना के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि संदीप गौतम पुत्र सोमवीर सिंह उम्र 26 वर्ष तथा उनकी पत्नी तान्या गौतम उम्र 25 वर्ष रिपब्लिक क्रॉसिंग सोसाइटी में रहते थे। बीती रात दोनों कार से जा रहे थे। बीच रास्ते में दोनों का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया, तथा दोनों ने आक्रोश में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों जहर खाने के बाद कार चलाते रहे। सिकंदराबाद के पास उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। इसी बीच किसी ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी। दोनों को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा की जिम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर तान्या की रात में और संदीप की सुबह को मौत हो गई।