नोएडा (युग करवट) । सेक्टर-62 स्थित आईएमएस नोएडा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 19 एवं 20 जून को विशेष योग कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशाला संस्थान के फुटबॉल ग्राउंड में प्रात: 6 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित होगी। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में विश्व योगासन चैम्पियनशिप 2026 के स्वर्ण पदक विजेता आकाश शर्मा प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे। आईएमएस स्पोर्ट्स क्लब की हेड रीना मैसी ने बताया कि कार्यशाला में विद्यार्थी, शिक्षक एवं संस्थान के कर्मचारी सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम तथा विभिन्न योग क्रियाओं में भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, मानसिक संतुलन विकसित करना तथा शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि कार्यशाला के दौरान आकाश शर्मा प्रतिभागियों को योग के महत्व, अनुशासन एवं नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। साथ ही वे अपने प्रेरणादायक अनुभव साझा करते हुए युवाओं को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करेंगे।