नई दिल्ली (युग करवट)। असम के जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर आज भारतीय वायुसेना का एक एएन-३२ मालवाहक विमान लैंडिंग के तुरंत बाद आग की चपेट में आ गया। इस घटना के बाद एयरबेस पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत इमरजेंसी रिस्पॉन्स शुरू कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जैसे ही विमान रनवे पर उतरा, उसमें अचानक आग लग गई और उससे घना धुआं उठने लगा। यह नजारा काफी भयावह था, जिसे देखते ही एयरपोर्ट और वायुसेना की फायर और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया, ताकि आग फैलने से रोका जा सके। प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब एएन-३२ विमान जोरहाट हवाई पट्टी पर उतरने का प्रयास कर रहा था। हालांकि भारतीय वायुसेना की ओर से अभी तक इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच कराई जाएगी और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।