गाजियाबाद (युग करवट)। कविनगर रामलीला समिति में संचालन से लेकर कई मामलों को लेकर चल रहे विवाद ने अब एक और मोड ले लिया है। इस मामले में पूर्व सांसद ने जीडीए को समिति के संचालन को लेकर शिकायत की थी। इस शिकायत के बाद जीडीए ने सम्बंधित लोगों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब मांगा है। जीडीए द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद से एक बार फिर यह मामला गर्मा गया है। बता दें कि कविनगर रामलीला मैदान में मौजूदा समिति द्वारा संचालन किए जाने को लेकर विवाद काफी लम्बे समय से चल रहा है। सिर्फ समिति संचालन ही नहीं, वित्तीय अनियमिता, मैदान में किए जाने वाले निर्माण कार्य को लेकर भी विवाद है। बताया जा रहा है कि समिति द्वारा रामलीला मैदान में निर्माण कार्य कराए गए हैं जिसकी पूर्व में कोई जानकारी जीडीए को नहीं दी गई है, साथ ही इन निर्माण किए गए भवनों से हो रही आय के बारे में भी कोई जानकारी जीडीए को नहीं दी गई थी। जिसे लेकर अब पूर्व सांसद द्वारा जीडीए को इन सभी तथ्यों से अवगत कराते शिकायत की गई है। जीडीए सचिव विवेक मिश्र ने बताया कि उन्हें कविनगर रामलीला मैदान से सम्बंधित शिकायत मिली है। जिसे लेकर सम्बंधित को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है। जवाब दाखिल किए जाने के बाद जीडीए इस मामले में आगे की कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया कि समिति से विभिन्न बिन्दुओं पर जवाब मांगा गया है। बता दें कि लम्बे समय से कविनगर रामलीला समिति में विवाद की स्थिति बनी हुई है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब समिति ने कुछ पूर्व सदस्यों को बिना कोई नोटिस जारी उनके पदों से हटा दिया गया।
हालांकि समिति का कहना है कि निष्क्रिय सदस्यों को हटाया गया है। जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि समिति को उन्हें हटाए जाने को लेकर कोई पावर नही हैं, अपनी मनमानी के कारण ऐसे सदस्यों को हटाया गया है जो समिति की मनमानी के खिलाफ हैं। अब फिलहाल यह मामला जीडीए के पास है, जिसमें जवाब दाखिल होने के बाद ही पता चल सकेगा कि क्या कार्रवाई जीडीए करेगा।
पूर्व सांसद की शिकायत के बाद हुआ डिप्टी रजिस्ट्रार का तबादला
गाजियबाद में तैनात रहे डिप्टी रजिस्ट्रार वैभव कुमार का तबादला शासन ने कर दिया है। उनके स्थान पर निखलेश रंजन को नियुक्त किया गया है। हालांकि इस तबादले के पीछे एक पूर्व सांसद की शिकायत को माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि पूर्व सांसद की शिकायत पर ही डिप्टी रजिस्ट्रार वैभव कुमार का तबादला किया गया है, क्योंकि पूर्व सांसद कविनगर रामलीला समिति के मामले को लेकर डिप्टी रजिस्ट्रार वैभव कुमार पर लापरवाही और निष्पक्ष जांच न किए जाने का आरोप लगाया था। पूर्व सांसद का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी डिप्टी रजिस्ट्रार ने मामले की सही से जांच रिपोर्ट नहीं दी।
ऐसे में इस मामले में शासन पर उनकी शिकायत की गई जिसके बाद गैर जनपद में तबादला किया गया है।