हापुड़ (युग करवट)। देहात थाना क्षेत्र के अन्तर्गत मोहल्ला गिरधारीनगर में सोमवार रात करीब 12 बजे शहर के उद्यमी नरेंद्र अग्रवाल के घर में घुसे चार हथियारबंद बदमाशों ने लाखों के जेवर व नकदी लूट ली। नरेंद्र अग्रवाल के पोते सिद्धांत रात में बाहर से घूमकर घर लौटे थे। इसी दौरान चार हथियारबंद बदमाश उनके पीछे-पीछे घर में घुस गए। बदमाशों ने घर में मौजूद चौकीदार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। उन्होंने उद्यमी नरेंद्र अग्रवाल, उनकी पत्नी और पोते सिद्धांत को भी बंधक बनाया। करीब चार घंटे तक घर में रहकर बदमाशों ने पूरे घर को खंगाल लिया। बदमाशों ने परिवार के लोगों को गोली मारने की धमकी भी दी थी। परिवार के लोगों ने किसी तरह बंधनमुक्त होकर पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हडक़ंप मच गया। देर रात पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी हासिल की। सुबह पुलिस महानिरीक्षक कलानिधि नेथानी ने भी मौके का मुआयना किया। पुलिस ने इस गंभीर घटना के खुलासे के लिए कई विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी गहनता से खंगाल रही है। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है।