नई दिल्ली (युग करवट)। देश में एक बार फिर से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ा इजाफा कर दिया गया है। तेल कंपनियों ने आज पेट्रोल और डीजल के दाम में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि मात्र एक हफ्ते के भीतर यह दूसरी बार है जब ईंधन के दाम इस तरह से बढ़ाए गए हैं। इस नई बढ़ोतरी से ठीक तीन दिन पहले, शुक्रवार को ही केंद्र सरकार ने देशभर में पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर का भारी इजाफा किया था। उस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये से बढक़र 97.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये से बढक़र 90.67 रुपये हो गया था। अब फिर से दाम बढऩे के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे और महंगा होकर 98.64 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। दिल्ली में डीजल 91 पैसे महंगा होकर 91.58 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत में 91 पैसे की बढ़ोतरी हुई है, जिससे यह 107.59 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल 94 पैसे महंगा होकर 94.08 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल के दाम सबसे ज्यादा 96 पैसे बढ़े हैं और वहां यह 109.70 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, वहीं डीजल 94 पैसे बढक़र 96.07 रुपये का हो गया है। चेन्नई की बात करें तो यहां पेट्रोल 82 पैसे महंगा होकर 104.49 रुपये और डीजल 86 पैसे बढक़र 96.11 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।