इंडस्ट्रियल सेक्टर के लिए नया पुलिस सिस्टम तैयार
नोएडा (युग करवट)। पुलिस कमिश्नरेट में स्थित 15 हजार से ज्यादा राष्ट्रीय, बहुराष्ट्रीय कंपनियों में काम करने वाले 4 लाख से ज्यादा श्रमिकों और उद्योगपतियों की समस्याओं के निदान के लिए पुलिस आयुक्त गौतमबुद्ध नगर द्वारा पुलिस उपायुक्त इंडस्ट्रियल का पद सृजित किया गया है। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बताया कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस के तीनों जोनों में लगभग पन्द्रह हजार रजिस्टर्ड औद्योगिक इकाइयाँ है। जिनमें लघु उद्योग, मध्यम उद्योग तथा बृहद इकाइयाँ एवं बहुराष्ट्रीय तथा विभिन्न प्रकार के औद्योगिक प्रतिष्ठान शामिल हैं। जिनमें लगभग चार लाख श्रमिक कार्यरत होने के कारण इंडस्ट्रीज सेक्टर एक महत्वपूर्ण जोन बनकर उभरा है। श्रमिक संगठनों, श्रमिक समूहों तथा श्रमिकों से सीधा संवाद स्थापित करने, उनकी शिकायतों के सम्यक निवारण के लिए, उत्तर प्रदेश सरकार तथा भारत सरकार द्वारा लागू सभी कानूनों का अनुपालन कराने के लिए पुलिस उपायुक्त इंडस्ट्रियल का पद बनाया गया है। उनके अधीनस्थ सहायक पुलिस आयुक्त इंडस्ट्रीज, तीन निरीक्षक तथा अलग-अलग रैंकों के 25 अधिकारी व कर्मचारी कार्यरत रहेंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस उपायुक्त इंडस्ट्रीज का सीयूजी नम्बर 8595902508 रहेगा।