ग्रेटर नोएडा (युगकरवट)। लंबे समय से अटके प्रबंधन विवाद के बीच नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को आखिरकार नया सीईओ मिल गया है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) ने शुक्रवार को अहम निर्णय लेते हुए नीतू शर्मा को कंपनी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त कर दिया है।अब तक इस पद पर स्विट्जरलैंड के नागरिक क्रिस्टोफ शनेलमैन कार्यरत थे, जिन्हें कंपनी ने नई भूमिका देते हुए एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन बना दिया है। एयरपोर्ट के सिक्योरिटी प्रोग्राम को मंजूरी दिलाने में विदेशी सीईओ होना बड़ी बाधा बन रहा था। गृह मंत्रालय ने इसी आधार पर सुरक्षा स्वीकृति देने से इनकार कर दिया था। बताया जा रहा है कि इसी अड़चन को दूर करने के लिए कंपनी ने नेतृत्व में यह बदलाव किया। नीतू शर्मा पहले कंपनी में चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर के पद पर कार्यरत थीं और प्रोजेक्ट की वित्तीय रणनीति में उनकी अहम भूमिका रही है।